बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम पथर्रा में एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। बार में बाउंसर और जिम संचालक के रूप में कार्य करने वाले युवक पर पुरानी रंजिश और कथित प्रेम प्रसंग के विवाद को लेकर हमला किया गया। आरोपी ने पहले आंखों में मिर्च पाउडर डाला और फिर पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के लिए अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार कोनी निवासी निखिल गोस्वामी बिलासपुर के एक बार में बाउंसर के रूप में कार्यरत थे तथा जिम संचालन से भी जुड़े हुए थे। गुरूवार रात वे किसी काम से कोटा स्थित अपने किराए के मकान में पहुंचे। इसी दौरान ग्राम पथर्रा में रहने वाले युवक से उनका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने निखिल की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और भारी पत्थर से हमला कर दिया।
हमले से गंभीर रूप से निखिल को परिजन तत्काल प्राथमिक अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सिम्स रेफर किया गया। सिम्स में उपचार के दौरान डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह, डीएसपी नुपूर उपाध्याय तथा कोटा थाना प्रभारी आकाश चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आगे की जांच शुरू की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग और चरित्र शंका से जुड़ा बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार निखिल का कोटा क्षेत्र की एक महिला से परिचय और मेलजोल था। इसी बात को लेकर महिला के पति को संदेह था। आशंका जताई जा रही है कि इसी शक के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रहीह है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।







