बिलासपुर। सोमवार दोपहर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को एक ईमेल के माध्यम से मिली बम धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर ला दिया। यह ईमेल भारतीय समयानुसार शाम 4ः31 बजे भेजा गया, जिसमें हाईकोर्ट और सीबीआई कोर्ट परिसर में विस्फोटक सामग्री होने का दावा किया गया था और शाम 6ः45 बजे तक परिसर को पूरी तरह खाली कराने की चेतावनी दी गई थी।
ईमेल आईडी abdul abdia@outlook.com से भेजा गया यह संदेश कोर्ट की अधिकारिक संचार प्रणाली पर प्राप्त हुआ, जिसमें अति संवेदनशील मुद्दों का उल्लेख किया गया था। इनमें अजमल कसाब को फांसी देने और कुछ व्यक्त्यिं को हिरासत जैसी घटनाओं का हवाला देते हुए इसे एक पवित्र मिशन बताया गया। ईमेल में अमोनिया सल्फर आधारित आईईडी कोर्ट परिसर में लगाए जाने का दवा किया गया।
धमकी में एक कथित संगठन मद्रास टाइगर्स फॉर अजमल कसाब का नाम लिया गया और ट्विनिंग आईईडी मेकनिज्म की बात कही गई। जिसमें मानव आत्मघाती हमलावरों द्वारा आरएफआईडी तकनीक से लैस विस्फोटक को सक्रिय किए जाने की बात थी। हालांकि ईमेल मेंं कहा गया कि हमले का उद्देश्य केवल संपत्ति को नुकसान पहुंचाना है। समय सीमा के भीतर परिसर खाली न करने पर जनहानि की चेतावनी भी दी गई।
संदेश में कुछ राजनीतिक नेताओं के नाम और अंतर्राष्ट्रीय घटनाओं से कथित संबंधों का उल्लेख शामिल था। धमकी मिलने के बाद एहतियातन कोर्ट परिसर को खाली कराया गया। साथ ही व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। स्निफर डॉग और बम डिटेक्शन उपकरणों के साथ सुरक्षाकर्मियों ने पूरे परिसर की गहन जांच की। अब तक की जानकारी के अनुसार किसी भी प्रकार का विस्फोटक पदार्थ बरामद नहीं हुआ है। हालांकि जांच एजेंसियां मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच में जुटी है।







