मस्तूरी। थाना क्षेत्र अंतर्गत मल्हार चौकी के ग्राम कुटेला स्थित चौकरा खेत में बुधवार को खेत के मेढ़ को लेकर हुए विवाद ने उग्र रूप ले लिया। मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। वृद्ध किसान व उसकी पत्नी गंभीर रूप् से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मस्तूरी थाना अंतर्गत मल्हार चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कुटेला निवासी अजय कुर्रे ने पुलिस को रिपोर्ट में बताया कि उसके माता पिता छेदू कुर्रे और अंजोरा बाई कुर्रे सुबह चौकरा खेत में निदाई कोड़ाई का कार्य कर रहे थे। उनके खेत के पास ही रत्नु कुर्रे का खेत है। जिसकी मेढ़ से लगे हिस्से में कार्य के दौरान कुछ मिट्टी बहकर रत्नू के खेत में चली गई। इसी बात से नाराज रत्नु कुर्रे सुबह 10 बजे खेत पर पहुंचा और छेदू कुर्रे को अश्लील गाली गालियां देने लगा। विरोध करने पर वह घर चला गया। लेकिन कुछ देर बाद अनिल कुर्रे, विश्राम कुर्रे, उषा कुर्रे और अन्य लोगों के साथ वापस आया।
आरोप है कि उक्त सभी लोगों ने मिलकर पहले छेदू कुर्रे के साथ गाली गलौच की और फिर टांगी से हमला कर दिया, जबकि अनिल, विश्राम व अन्य लोग लाठी डंडे से बुरी तरह मारपीट की। बीच बचाव करने आई अंजोरा बाई पर भी लाठियां से हमला किया गया। जिससे उसके हाथ पैर में चोटें आई है। छेदू कुर्रे के सिर, घुटने व हाथ में गंभीर चोट है। सिर से खून बहने के कारण परिजन उसे तुरंत मस्तूरी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक इलाज किया गया। घटना के संबंध में पीड़ित अजय कुर्रे की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115 (2), 296, 3(5), 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच मल्हार चौकी पुलिस कर रही है। घायल दंपती की हालत स्थित बताई जा रही है।







