बिलासपुर। जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर आई है। जहां चलती ट्रेन से गिरने के कारण एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक रायपुर का रहने वाला था और अमरकंटक एक्सप्रेस से भोपाल की ओर यात्रा कर रहा था। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार रायपुर के तेजीबांधा विासी उमेश गिरी पिता राजेश्वर गिरी 33 वर्ष अमरकंटक एक्सप्रेस के बी 5 कोच में सवार होकर रायपुर से भोपाल जा रहे थे। यात्रा के दौरान बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे ब्रिज के पास अचानक वह ट्रेन से नीचे गिर गए। हादसा इतना भयावह था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान की गई। पुंलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच मंे यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ट्रेन से कैसे गिरा। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह हादसा लापरवाही का परिणाम था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस दोनों मामले की जांच में जुटी हुई है। इस दर्दनाक घटना से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं क्षेत्र में इस हादसे के बाद सनसनी फैल गई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है। ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।







