Home » Bilaspur Train Accident : छत्तीसगढ़ सरकार ने भी की आर्थिक मदद की घोषणा, मृतकों के परिजनों को 5 लाख तो घायलों को 50 हजार आर्थिक सहायता
छत्तीसगढ़

Bilaspur Train Accident : छत्तीसगढ़ सरकार ने भी की आर्थिक मदद की घोषणा, मृतकों के परिजनों को 5 लाख तो घायलों को 50 हजार आर्थिक सहायता

रायपुर। रेलवे प्रशासन के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने भी आर्थिक मदद की घोषणा की है। राज्य सरकार ने दुर्घटना में दिवंगत हुए यात्रियों के परिजनों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार की आर्थिक सहायता राशि देने का निर्णय लिया है।

प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि घायलों के समुचित एवं निःशुल्क इलाज की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिला प्रशासन को तत्काल प्रभाव से राहत एवं बचाव कार्यों को तेज़ी से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन एवं रेलवे की टीमें राहत और बचाव कार्य में पूरी तत्परता से जुटी हुई हैं। घायलों के उपचार के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएँ और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है तथा हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

सीएम ने कहा कि ट्रेन दुर्घटना की खबर दुःखद और पीड़ादायक है। उन्होंने इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। सीएम ने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति दें।

Search

Archives