कोरबा। कोरबा जिलान्तर्गत करतला थाना क्षेत्र के ग्राम बोतली में छेरछेरा पर्व की खुशियां के दौरान घटित एक हादसे के बाद मातम छा गया। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो मित्रो को टक्कर मार दी, जिसमें 24 वर्षीय युवक अनु सिंह राठिया नामक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि उसके साथी गंभीर हो गया।
जानकारी के अनुसार अनु और उसका दोस्त छेरछेरा पर्व के लिए चिकन और राशन लेने निकले थे। वे अपनी खुशियों के रंग में त्यौहार की तैयारियों में जुटे थे, लेकिन रास्ते में एक ट्रैक्टर की टक्कर ने उनकी जिंदगी में अंधेरा ला दिया। बताया जा रहा हैं की कुछ दिन पहले ही अनु सिंह राठिया की सगाई हुई थी और अगले महीने शादी तय थी। परिवार के लिए यह घटना किसी वज्रपात से कम नहीं है। अनु परिवार का सहारा था। उसकी शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। करतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
छेरछेरा पर्व पर जहां हर घर में उत्सव का माहौल था, वहीं अनु के घर में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रैक्टर चालक के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की गई है।







