अंबिकापुर। गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां ब्रेकअप से नाराज युवक ने दिनदहाड़े अपनी गर्लफ्रेंड की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर हुई और अब वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।
मृतक युवती की पहचान भारती टोप्पो (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रिंग रोड स्थित चोपड़ापारा के श्री कृपा फ्यूल्स पेट्रोल पंप में काम करती थी। गुरुवार सुबह 11.40 बजे आरोपी जोगेंद्र पैकरा (28 वर्ष), निवासी बलरामपुर के कुसमी, बिना नंबर प्लेट की बाइक से पेट्रोल लेने के बहाने पंप पर पहुंचा। पहले उसने एयर पिस्टल दिखाई और अचानक चाकू निकालकर भारती पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान भारती खुद को बचाने के लिए सड़क की ओर भागी, लेकिन आरोपी ने दौड़ाकर उसके पेट में चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल भारती वहीं गिर पड़ी। पंप कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने एयर पिस्टल से भी डराने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए उसे काबू में कर लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। गंभीर हालत में भारती को मिशन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके से चाकू और एयर पिस्टल जब्त कर लिया है।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा है मामला- पुलिस जांच में सामने आया है कि जोगेंद्र और भारती पिछले कुछ वर्षों से एक-दूसरे को पसंद करते थे, लेकिन कुछ दिनों पहले किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और उनका रिश्ता टूट गया। इसी नाराजगी में युवक ने यह खौफनाक कदम उठाया। गांधीनगर थाना पुलिस ने आरोपी जोगेंद्र पैकरा को गिरफ्तार कर लिया है, मामले की जांच जारी है।