Home » बाड़ी में गड्ढा खोदकर देखा तो पुलिस को मिली महिला की लाश, पड़ोसियों ने बताई थी ये बात…
छत्तीसगढ़

बाड़ी में गड्ढा खोदकर देखा तो पुलिस को मिली महिला की लाश, पड़ोसियों ने बताई थी ये बात…


सक्ती।
पति-पत्नी के बीच हुए विवाद में पति ने पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने लाश को ठिकाने लगाने के लिए बाड़ी में गड्ढा खोदकर दफना दिया। घटना को अंजाम देने के बाद रातोंरात फरार हो गया। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। घटना बाराद्वार थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुरा का है।
जानकारी के अनुसार ग्राम दर्राभांठा निवासी राजेश साहू करीब 6 साल पहले बिंदू साहू से प्रेम विवाह किया था। अंतर्जातीय विवाह के कारण दोनों परिवारों के बीच मेल-मिलाप नहीं था, परिजन दोनों को पसंद नहीं करते थे। लिहाजा पति-पत्नी अलग रहकर जीवन यापन कर रहे थे। दंपत्ति के 3 बच्चे भी हैं। पिछले कुछ माह से दंपत्ति जांजगीर में बन रहे आरटीओ ऑफिस में मजदूरी का कार्य कर रहे थे। एक-दो दिन पहले ही दंपत्ति अपने घर रायपुरा आए थे, वहीं तीनों बच्चे दादी के पास ग्राम दर्राभांठा में थे।
सोमवार की देर रात एक बार फिर किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद रात में ही बाड़ी में गड्ढा खोदकर उसे दफना दिया और फरार हो गया। सुबह मंगलवार को पड़ोसियों ने घर में किसी को नहीं देखा। मामला संदिग्ध जानकार पड़ोसियों ने बाराद्वार थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। पड़ोसियों ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि बीती रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, दोनों के लड़ने-झगड़ने की तेज आवाज सुनाई पड़ रही थी, फिर कुछ समय बाद बाड़ी में गड्ढा खोदे जाने की भी आवाज सुनाई पड़ने की बात बताई। पड़ोसियों की सूचना पर घटनास्थल पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची। तहसीलदार अनुराधा पटेल की उपस्थिति में बाड़ी में खुदाई की गई, जहां से महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले में बाराद्वार थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना पर शव को बाड़ी से निकाल लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा कि हत्या किस तरह से की गई है। मामला पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश की जा रही है।

Search

Archives