बिलासपुर। थाना कोनी क्षेत्र में धान, चावल एवं नगदी चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गया धान, चावल एवं नगदी रकम बरामद कर जप्त कर लिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 फरवरी 2026 को प्रार्थी भूपेंद्र सूर्यवंशी निवासी घुटकू, थाना कोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात्रि लगभग 12.23 बजे घर के कमरे की टीन की छत से आवाज आने पर देखने पर पाया कि कमरे में रखा 2 बोरी धान, 1 बोरी चावल तथा संदूक में रखी नगदी गायब थी। दरवाजे का कुंदा टूटा हुआ मिला। बाद में जानकारी मिली कि महिला समूह के लगभग 20,000 रुपये भी चोरी हो गए हैं। अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने विवेचना शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना कोनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही अभय लास्कर पिता संतोष लास्कर (उम्र 19 वर्ष), निवासी पंडरीपार घुटकू, थाना कोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 02 बोरी धान, 01 बोरी चावल तथा 1,500 रुपये नगद बरामद कर जप्त किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।







