मस्तूरी। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गतौरा निवासी शिव खांडे 28 वर्ष को पुरानी रंजिश के चलते लोहे की पट्टीनुमा रॉड से जानलेवा हमला करने के आरोप में मस्तूरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने भाई सुमेन्द्र खांडे के साथ मिलकर 22 मई को शशिकांत 20 वर्ष पर हमला किया था।
घटना के दिन शशिकांत अपने पिता संतोष कांत के साथ दुकान में मौजूद था। दोपहर करीब 4 बजे नशे की हालत में आए सुमेन्द्र ने दुकान से पानी पाउच खरीदा और बिना पैसे दिए सिर पर डालने लगा। विरोध करने पर गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी देकर चला गया। शाम करीब 6.30 बजे वह अपने भाई शिव खांडे को लेकर लौटा और दोनों ने मिलकर शशिकांत को जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान शिव खांडे ने लोहे की पट्टीनुमा रॉड से शशिकांत के सिर पर प्राणघातक हमला कर दिया। जिससे वह खून से लथपथ हो गया। बचाव करने आए शशिकांत के पिता, मां और चाचा पर भी हमला किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मस्तूरी पुलिस ने आरोपी शिव खांडे को उसके घर से गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लोहे के रॉड को जप्त कर लिया है। आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी हरिशचन्द्र टांडेकर, उपनिरीक्षक सुजान जगत एवं आरक्षक देव सहाय जायसवाल का विशेष योगदान रहा।







