Home » कनसदा में दो बाइक की भीषण टक्कर, एक युवक की मौत
छत्तीसगढ़

कनसदा में दो बाइक की भीषण टक्कर, एक युवक की मौत

शिवरीनारायण। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम कनसदा में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह हादसा दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में हुआ। केसला निवासी 51 वर्षीय रोहित साहू की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथी लकेश्वर यादव को गंभीर हालत में बिलासपुर भेजा गया है। शिवरीनारायण थाना प्रभारी भास्कर शर्मा के अनुसार, 13 जुलाई रविवार की रात लगभग 7.30 बजे रोहित साहू और लकेश्वर यादव बाइक से केसला से कनसदा पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे कनसदा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी शिवरीनारायण से केरा की ओर जा रही तेज रफ्तार बाइक के अज्ञात चालक ने सामने से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के अगले हिस्से पूरी तरह टूट गए और दोनों सवार दूर जा गिरे। हादसे में रोहित साहू और लकेश्वर यादव को सिर, हाथ, पैर और सीने में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत 112 डायल कर एंबुलेंस बुलाने की कोशिश की, लेकिन 30 मिनट तक कोई मदद नहीं पहुंची। इसके बाद घायलों को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरौद ले जाया गया।

डॉक्टरों ने जांच के बाद रोहित साहू को मृत घोषित कर दिया। लकेश्वर यादव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर भेजा गया। हादसे के बाद दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक मौके से भाग गए। घटना की जानकारी मिलने पर शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। रोहित साहू के शव को शिवरीनारायण मर्च्युरी में रखा गया, जहां सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नहीं पहना था हेलमेट, सिर पर लगी गंभीर चोट से गई जान

रविवार रात शिवरीनारायण-केरा मुख्यमार्ग पर कनसदा पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों में जोरदार टक्कर हुई। घटना में केसला निवासी रोहित साहू की मौत हो गई और लकेश्वर यादव घायल हुआ। हेलमेट नहीं लगाने की वजह से दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं। अगर हेलमेट लगाया होता तो रोहित साहू की जान बच सकती थी और लकेश्वर यादव के सिर में चोटें नहीं आतीं।

Search

Archives