कबीरधाम। अतिक्रमण के उद्देश्य से अवैध रूप से साफ-सफाई व कटाई करने के मामले में 7 ग्रामीगों को गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार कवर्धा वनमंडल अंतर्गत भोरमदेव अभ्यारण्य चिल्फी परिक्षेत्र के ग्राम कुमान और नंदिनी से लगे वन भूमि कक्ष क्रमांक पीएफ 170 में ग्राम कुमान एवं नंदिनी के ग्रामीणों द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा था। वन विभाग द्वारा समझाइश देने के बाद भी ग्रामीण अपनी जिद पर अड़े हुए थे और अतिक्रमण जारी रखा।
कर्मचारियों द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को इस संबंध में जानकारी दी गई। अधीक्षक भोरमदेव अभ्यारण्य, परिक्षेत्र अधिकारी चिल्फी, वन कर्मियों एवं पुलिस बल लेकर मौका स्थल गए और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया गया। इसके बाद भी ग्रामीणों ने अतिक्रमण नहीं रोका और उग्र होकर विवाद करने लगे। साथ ही पुनः कटाई सफाई करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मुख्य वन संरक्षक दुर्ग, वन मंडलाधिकारी कवर्धा भी मौका स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दिया गया लेकिन वे नहीं माने। कुल्हाड़ी लेकर नारेबाजी करने लगे।
0 35 हेक्टेयर की सफाई कर चुके हैं
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन ग्रामीणों द्वारा भोरमदेव अभ्यारण्य क्षेत्र के वन क्षेत्र के वृहत भू-भाग लगभग 35 हेक्टेयर की सफाई कर चुके हैं, जिसमे असंख्य लताओं बेलाओं, झाड़ियों, औषधीय पौधों, वृक्षों को काटा गया है। ऐसा करते हुए उनके द्वारा वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत अभ्यारण्य क्षेत्र में बिना अनुमति प्रवेश, विनिर्दिष्ट वृक्षों पौधों की साफ-सफाई कटाई, हथियार के साथ अभ्यारण्य में प्रवेश, वन्य प्राणियों के प्राकृतिक रहवास को नष्ट करना, अपराध के लिए उकसाना आदि प्रकार के अपराध दर्ज किए गए हैं। सात आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय कवर्धा के समक्ष पेश किया गया।







