बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम केंवाछी में एक महिला पर सोते समय धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला अनिता खांडे जो अपनी मां तुलसी बाई सोनवानी के साथ बहन के घर मेहमानी में आई हुई थी। जिस पर रात के समय हमला हुआ। यह वारदात 26 मई की रात करीब 11.40 बजे हुई, जब पूरा परिवार घर के आंगन में सो रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार महेश बंजारे के घर के आंगन में सो रही अनिता खांडे ने अचानक चिल्लाना शुरू किया। जब परिवार के सदस्य जागे और उसके पास पहुंचे तो उसने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से उसके दाहिने पैर पर वार किया और खेत की ओर भाग गया। परिजन तत्काल उसे निजी वाहन से इलाज के लिए बिल्हा अस्पताल ले गए। रास्ते में डॉयल 112 को सूचना दी गई। अनिता को सीएचसी बिल्हा पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर वहां से उसे सिम्स अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया। जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 118-1 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच की जा रही है।







