Home » 90 मीट्रिक टन गैस चोरी का खुलासा : महासमुंद से प्लांट मैनेजर गिरफ्तार, दो आरोपी अभी भी फरार
छत्तीसगढ़

90 मीट्रिक टन गैस चोरी का खुलासा : महासमुंद से प्लांट मैनेजर गिरफ्तार, दो आरोपी अभी भी फरार

महासमुंद। महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एलपीजी कैप्सूल वाहन से 90 मीट्रिक टन एलपीजी गैस चोरी की गुत्थी सुलझा ली है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों में से एक को गिरफ्तार किया है और दो आरोपी अभी भी  फरार है।

दिसंबर 2025 में सरायपाली प्रशासन ने अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करते हुए 6 एलपीजी कैप्सूल टैंकरों को पकड़ा था। इन टैंकरों को सिंघोड़ा थाने में जब्त करके रखा गया था। सुरक्षा कारणों से 30 मार्च 2026 को प्रशासन की अनुमति से इन टैंकरों को खाली करने या सुरक्षित रखने के लिए अभनपुर स्थित ‘ठाकुर पेट्रोकेमिकल कंपनी’ को सुपुर्द की गई थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि सुपुर्द किए जाने के बाद संबंधित फर्म ने अमानत में खयानत करते हुए महज 5 दिनों के भीतर पूरी गैस को बेच दिया, जिसकी बाजार कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपए बताई जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महासमुंद पुलिस ने 40 सदस्यीय टीम गठित कर महज 4 दिनों के भीतर जांच पूरी की और पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। जांच के दौरान दस्तावेजों और लेन-देन के आधार पर गड़बड़ी की पुष्टि हुई। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर आरोपियों की संख्या में और इजाफा हो सकता है। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि यह मामला अमानत में खयानत और आर्थिक अपराध की श्रेणी में आता है, जिसमें सख्त कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Search

Archives