रायगढ़। किशोर बालिका के साथ जंगल में दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को कापू पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 6 जून को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसमें चार साल पुराने संबंधों के बीच उत्पन्न विवाद और हालिया घटना की जानकारी दी।
पीड़िता ने बताया कि संदीप तिर्की से उसकी जान पहचान वर्ष 2021 में हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होती थी। इसी दौरान दिसंबर 2021 में क्रिसमस की रात आरोपी संदीप ने उसे घर से बाहर बुलाकर खेत में ले जाकर जबरदस्ती की थी। जिसके बाद दोनों के संबंध बिगड़ते चले गए। पीड़िता ने संदीप से बात करना बंद कर दिया था। इसी बीच एक अन्य लड़के (विधि से संघर्षरत बालक) से बालिका का संपर्क हुआ। शिकायत के अनुसार 6 जून 2025 की रात बालक ने पीड़िता को फोन कर मोबाईल चार्जर लौटाने के बहाने बुलाया। जब पीड़िता बाहर आई तो संदीप छिपा मिला। दोनों लड़कों ने पीड़िता को बाइक पर जबरन बैठा लिया और जंगल की ओर ले गए। वहां संदीप के साथ रहने का दबाव बनाया और पीड़िता के साथ जबरदस्ती की। इधर घटना में पुलिस ने पत्थलगांव निवासी संदीप तिर्की को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, वहीं विधि से संघर्षरत बालक की सहयोगी भूमिका पर हिरासत में लेकर किशोर न्यायालय में पेश किया गया है।







