Home » जेठुली गोलीकांड का मुख्य आरोपी 21 माह बाद नेपाल से गिरफ्तार, पांच लोगों की हो गई थी मौत
बिहार

जेठुली गोलीकांड का मुख्य आरोपी 21 माह बाद नेपाल से गिरफ्तार, पांच लोगों की हो गई थी मौत

पटना। चर्चित जेठुली गोलीकांड में 21 महीना से फरार चल रहे मुख्य आरोपी उमेश राय को एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया है। वह पिछले कई महीनों से नेपाल में छिपकर रह रहा था। पटना पुलिस की ओर से गठित की गई एसआईटी ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। बताया जा रहा रहा है कि उमेश राय जैसे ही नेपाल से मोतिहारी पहुंचा, वैसे ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस टीम उसे कोर्ट में पेश करने जा रही है।

बता दें पटना के नदी थाना क्षेत्र के जेठुली गांव में  19 फरवरी 2023 को पार्किंग विवाद को लेकर दो गुटों में  मारपीट और गोलीबारी की घटना हुई थी। 43 राउंड फायरिंग में कुल 5 लोगों की मौत हुई थी। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित ग्रामीणों ने चनारिक राय के शव को सड़क पर रखकर स्टेट हाईवे को घंटो जाम कर दिया। गुस्साए लोगों ने जमकर बवाल किया था। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी उमेश राय और उसके समर्थकों के घरों को निशाना बनाते हुए उनके घरों और गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया था, वहीं पुलिस बल पर भी पत्थरबाजी की गई।
इस घटना में एक ही गुट के पांच लोगों को गोली लग गई थी। घटना के दिन जहां गौतम कुमार और रौशन कुमार की मौत हो गई थी। वहीं उसके अगले दिन 20 फरवरी को पीएमसीएच में इलाज के दौरान मुनारिक राय की भी मौत हो गई थी। इसके बाद चेनारिक और निखिल राय ने दम तोड़ दिया था।
वहीं दूसरे पक्ष से नागेंद्र राय को गोली लगी थी, जो अभी जिंदा हैं। पटना पुलिस ने इस मामले में कुल 26 लोगों को नामजद किया गया था। इसमें 15 की गिरफ्तारी हो गई थी, दो लोगों की गिरफ्तार पर कोर्ट से स्टे लगा हुआ। पुलिस ने फरार चल रहे आठ लोगों की संपत्ति कुर्क की थी। इसमें एक आरोपी की मौत भी हो गई थी। मुख्य आरोपी उमेश राय नेपाल में छिपकर रह रहा था, वहीं एसआईटी की टीम भी लगी थी। जैसे ही उमेश राय मोतिहारी पहुंचा वैसे ही एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया।

Search

Archives