Home » पति पत्नी और वो … पुलिस ने 20 दिन बाद सुलझाया सिर कटी लाश का मामला, तीन गिरफ्तार
बिहार

पति पत्नी और वो … पुलिस ने 20 दिन बाद सुलझाया सिर कटी लाश का मामला, तीन गिरफ्तार

पटना। बिहार की राजधानी पटना में मिली सिरकटी लाश का केस आखिरकार पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें एक महिला भी शामिल है, वहीं मृतक का कटा सिर भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

इस मामले में पुलिस ने पता लगाया है कि जिस शख्स का धड़ मिला था, उसका नाम चंदन कुमार था। उसकी हत्या उसके रिश्तेदार (गोतिया) छोटू ने अपनी पत्नी खुशबू के साथ मिल कर की थी। इस हत्याकांड में एक और शख्स भी शामिल था। चंदन का सिर काट कर अलग फेंक दिया गया था।

पटना की सिरकटी लाश का राज खुला

पूरा मामला हवाई अड्डा थाना अंतर्गत कौशल नगर रेलवे लाइन के पास का है। पुलिस ने यहीं मिली सिर कटी लाश की गुत्थी सुलझा ली है। इसके लिए पटना पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान करने के बाद इस मामले का खुलासा किया। 13 मई को हवाई अड्डा थाना अंतर्गत कौशल नगर रेलवे क्रॉसिंग पर एक सिर कटी लाश पुलिस ने बरामद की थी। मामला हवाई अड्डा थाने में दर्ज हुआ था।

रिश्तेदार ने ही की थी हत्या, तीन गिरफ्तार

पटना पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान करने के बाद एक महिला खुशबू कुमारी को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसने छोटू का नाम लिया। छोटू भी अपराधी किस्म का शख्स है और उस पर पहले से भी क्रिमिनल केस दर्ज हैं। वहीं चंदन भी एक मामले में जेल जा चुका था। छोटू को पुलिस ने 18 मई को ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन 1 जून को इसी मामले में दूसरे अपराधी दिलावर कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद मामले का खुलासा हो गया। चंदन कुमार एक मामले में जेल गया था। वहां से आने के बाद ही इस विवाद में उसकी हत्या की गई। खुशबू का रोल शव को छिपाने में था।

मृतक और हत्या के आरोपी, दोनों का आपराधिक इतिहास

पुलिस ने बताया कि छोटू और दिलावर की निशानदेही पर और खोजबीन करने के बाद कौशल नगर रेलवे लाइन के पास झाड़ियों में ऑटो ड्राइवर चंदन का कटा हुआ सिर और उसके कपड़े भी मिल गए। सचिवालय डीएसपी अनु कुमारी ने बताया छोटू और चंदन में कुछ विवाद हुआ था। इस विवाद के कारण ही छोटू ने दिलावर के साथ मिलकर चंदन की हत्या की थी। मामला प्रेम प्रसंग से भी जुड़ा हो सकता है, लेकिन पुलिस अभी मामले की छानबीन कर रही है।

Search

Archives