भोजपुर में होली स्पेशल ट्रेन (01410) के एसी कोच (M-9) में अचानक आग लगी गई। ट्रेन की गति काफी कम रहने के कारण कुछ यात्रियों ने ट्रेन से कूदकर अपनी जान बचाई। इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि रेलवे का दावा है कि जिस एसी कोच में आग लगी, उसमें यात्री नहीं थे।
बताया जा रहा दानापुर से खुलकर आरा के रास्ते लोकमान्य तिलक (मुंबई) जा रही होली स्पेशल ट्रेन मंगलवार मध्य रात्रि को दानापुर-पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड के करीसाथ स्टेशन के पास पहुंची थी कि अचानक ट्रेन में आग लग गई। आग की तेज लपटें देख यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, ग्रामीण और रेलवे के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इन लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय ग्रामीणों के मदद से आग पर काबू पा लिया। हालांकि ट्रेन में कम भीड़ होने से जान माल की कोई हताहत नहीं हुई है।







