बिहार। चखनी रजवटिया पंचायत में बच्चों के बीच हो रहे झगड़े को छुड़ाने पहुंचीं एक महिला की गर्दन में हंसिया घुस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने सर्जरी कर हंसिया बाहर निकाला। घायल महिला की पहचान चखनी गांव निवासी संजय कुमार यादव की 40 वर्षीय पत्नी निर्मला देवी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, निर्मला देवी घास काटने के लिए जा रही थीं। इस दौरान हंसिया अपने कंधे पर रखा हुआ था। रास्ते में उनकी नजर दो बच्चों के बीच हो रहे झगड़े पर पड़ी। वह बच्चों का झगड़ा छुड़ाने के लिए पहुंचीं, तभी किसी बच्चे का हाथ हंसिया पर लग गया। इससे हंसिया उनकी गर्दन के बाईं ओर करीब दो इंच तक घुस गया।
हादसे के बाद महिला को तत्काल बगहा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। इलाज करने वाले चिकित्सक डॉ. राम प्रवेश भारती ने बताया कि सर्जरी के जरिए महिला की गर्दन में घुसे हंसिया को बाहर निकाल दिया गया। ऑपरेशन में करीब आधे घंटे का समय लगा।







