Home » एटीएम लूट की साजिश नाकाम, हरियाणा से आए 5 डकैतौं को पुलिस ने दबोचा
भोपाल मध्यप्रदेश

एटीएम लूट की साजिश नाकाम, हरियाणा से आए 5 डकैतौं को पुलिस ने दबोचा

भोपाल। ATM लूट की वारदात को अंजाम देने के इरादे से हरियाणा से भोपाल पहुंचे डकैतों के एक गिरोह को पुलिस ने दबोच लिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर कार सवार पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से हथियारों के साथ एटीएम तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।

कोहेफिजा थाना प्रभारी के.जी. शुक्ला ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ब्रिज के पास संदिग्ध हालत में एक कार खड़ी है, जिसमें कुछ युवक बैठे हुए हैं और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। आशंका जताई गई थी कि उनके पास हथियार भी हो सकते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ब्रिज के नीचे खड़ी कार की घेराबंदी कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से गैस कटर, गैस सिलेंडर, स्प्रे, लोहे को काटने के औजार और अन्य उपकरण बरामद किए गए, जिनका उपयोग एटीएम मशीन तोड़ने और डकैती की वारदात में किया जाता है। इसके अलावा कुछ हथियार भी मिले।

उपकरण और हथियार मिलने के बाद पुलिस ने कार में सवार पांचों युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मौसम, सेकुल, नसीम, वकील और सहाबुद्दीन बताए। सभी आरोपी हरियाणा के रहने वाले हैं। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे एटीएम मशीनों को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देते हैं।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह देश के कई शहरों में एटीएम लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुका है और भोपाल में भी किसी एटीएम को निशाना बनाने की तैयारी में था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह के आपराधिक रिकॉर्ड और नेटवर्क को लेकर आगे की पूछताछ जारी है।

Search

Archives