Home » युवती की लाश की 6 दिन बाद भी नहीं हो सकी पहचान, पुलिस ने किया अंतिम संस्कार
छत्तीसगढ़

युवती की लाश की 6 दिन बाद भी नहीं हो सकी पहचान, पुलिस ने किया अंतिम संस्कार

कोरबा। जिले के सतरेंगा से लगे खैरभवना डुबान में एक युवती की लाश मिली थी। सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। मौके से थोड़ी दूर पर चप्पल और खून के छिटे भी मिले। शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था। मृत युवती की शिनाख्त 6 दिन बाद भी नहीं हो सकी। पुलिस ने विधि-विधान से शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।

लेमरू थानांतर्गत सतरेंगा से लगे खौरभवना डुबान विगत 15 अप्रैल को युवती की लाश मिली थी। युवती ने लाल रंग का सलवार-सूट पहना हुआ था। सूचना मिलने पर लेमरू थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। जब शव का निरीक्षण किया गया, तो उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले, जिससे रक्तस्त्राव हुआ था। उसके दाएं हाथ में अंग्रेजी के अक्षर से गोदना में शंकर लिखा हुआ था। इसके अलावा मौके से महज चंद कदम दूर खून के छिटे और मृतका की चप्पल बरामद हुई।

पुलिस ने शव को मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया था। पुलिस 6 दिनों तक लगातार मृतका की पहचान का प्रयास करती रही, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पड़ोसी जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार शनिवार की दोपहर पुलिस ने निगम और मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सफाई कर्मियों की मदद से मृतका का विधि-विधान से अंतिम संस्कार करा दिया है। पोस्टमॉर्टम से भी युवती के सिर पर चोट लगने से मौत होने की पुष्टि हुई है।

Search

Archives