रायपुर। आईएएस रानू साहू की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रानू साहू अब 4 अगस्त तक जेल में रहेंगी। उन्हें रायपुर के विशेष न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत की कोर्ट में मंगलवार को पेश किया गया था। कोर्ट ने सुनवाई करते हुए साहू को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
बड़ी बात ये है कि इस बार ईडी ने कोर्ट से रानू साहू के लिए रिमांड नहीं मांगी और कहा कि हमारी उनसे पूछताछ पूरी हो गई है, इसलिए रिमांड नहीं चाहिए। इसके बाद कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। अब 4 अगस्त को एक बार फिर रानू साहू को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बता दें कोयला और लेवी घोटाले के मामले में कार्रवाई करते हुए ईडी की टीम ने 22 जुलाई को रानू साहू को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट ने इस दौरान 25 जुलाई तक ईडी को रिमांड पर सौंपा था। ईडी ने कोर्ट से 14 दिन के लिए रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने 3 दिन की ही रिमांड दी थी। रानू साहू प्रदेश की दूसरी आईएएस अफसर हैं, जिन्हें ईडी ने गिरफ्तार किया है।







