दुर्ग। तेज रफ्तार कैप्सूल ने बाइक सवार 4 लोगों को अपनी चपेट में लिया है। घटना में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई वहीं दो की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज जारी है। मामले में पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि अमलीडीह निवासी एक परिवार बाइक से अमलेश्वर की तरफ जा रहा था। बाइक में चार लोग सवार थे। इसी दौरान परिवार मोतीपुर चौक पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार कैप्सूल ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में अमलेश्वर गांव के निवासी राजेंद्र बारले 40 वर्ष और उनका मासूम बेटा प्रभात 04 वर्ष की मौत हुई है। जबकि बेटी और पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम कर दिया। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची अमलेश्वर थाना पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारियों ने लोगों को समझाइश दी। मृतकों के परिजनों को साढ़े 10 लाख रूपए मुआवजा और बीमा की राशि मिलाकर देने की बात कही गई, तब कहीं जाकर चक्काजाम समाप्त हुआ। आरोपी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।







