कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र में रविवार दोपहर बाइक रिपेयरिंग के दौरान अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। मुड़ापार पेट्रोल पंप मोड़ के पास स्थित एक गैरेज में पल्सर बाइक में आग लगी और कुछ ही देर में लपटों ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। सुखद पहलू यह रहा कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक, बाइक स्टार्ट नहीं हो रही थी, जिसके बाद उसका मालिक धक्का देकर उसे गैरेज तक लेकर पहुंचा। मिस्त्री बाइक की मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान किक मारते ही अचानक चिंगारी उठी और बाइक में आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी, जिससे बाइक मालिक, मिस्त्री और वहां मौजूद लोग घबरा गए।
जलती बाइक को गैरेज से बाहर निकाला : आग बढ़ती देख मिस्त्री ने आसपास खड़ी अन्य बाइकों और दुकान को बचाने के लिए जलती हुई बाइक को किसी तरह गैरेज से बाहर सड़क पर पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद दमकल विभाग और मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बाइक जलकर खाक हो गई थी।
पेट्रोल लीकेज की आशंका, पुलिस कर रही जांच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक में पेट्रोल लीकेज होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मरम्मत के दौरान किक मारने पर शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारी से आग भड़क उठी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।







