चीखों से दहला इलाका
सोनभद्र। रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर नधिरा मोड़ के पास कार और टेंपो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए। घायलों में कई बच्चे भी शामिल हैं।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची बभनी और म्योरपुर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए बभनी और म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, वहां उनका उपचार चल रहा है। टेंपो सवार लोग धरतीडांड़ से विजयदशमी का मेला देखने के लिए किरबिल जा रहे थे। इसी दौरान नधिरा जंगल के पास मोड़ पर सामने से आ रही कार से टेंपो की जोरदार टक्कर हो गई।
बताया जा रहा है कि कार वाराणसी से छत्तीसगढ़-ओडिशा की ओर जा रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल लोगों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 12 वर्षीय अंकुश पुत्र रामकुमार निवासी नधिरा की मौत हो गई, वहीं बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से म्योरपुर ले जाए गए। घायलों में राजकुमारी 23 पत्नी उदय निवासी नधिरा पूर्वी टोला को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।







