अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से राम मंदिर में कराया जा रहा फसाड लाइटिंग का कार्य लगभग पूरा होने की ओर है। शेष रह गए 25 प्रतिशत कार्य को दीपावली के पहले तक पूरा करने का लक्ष्य है। दीपोत्सव के दसवें संस्करण में इस वर्ष ट्रस्ट ने राम मंदिर, परकोटा और पूरक मंदिरों को फसाड लाइट से ही जगमगाने का निर्णय लिया है।
इसके अलावा पूरे रामजन्मभूमि परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों, झालरों व हेलोजन के माध्यम से प्रकाशित किया जाएगा। शेषावतार मंदिर की फसाड लाइटिंग दीपावली के बाद कराने का विचार है। वहीं, परकोटे के बाहर बने सप्तर्षि मंदिरों में अभी फसाड लाइटिंग नहीं कराई जा रही है।
ट्रस्ट ने रामजन्मभूमि परिसर में निर्मित राम मंदिर सहित सात पूरक मंदिरों और 734 मीटर लंबे परकोटे को फसाड लाइट से आच्छादित कराने के लिए प्रतिष्ठित इलेक्ट्रिक कंपनी हैवल्स को दायित्व सौंप रखा है। हैवल्स ने इसी वर्ष तीन माह पूर्व यहां कार्य शुरू किया था। फसाड लाइटिंग के लिए परिसर के सभी प्रकल्पों की प्रोफाइलिंग कंपनी के लगभग 60 कर्मचारी कर रहे हैं।







