Home » कोटा में मूर्ति विसर्जन के दौरान नाव पलटी, 2 शव बरामद, अन्य दो लोगों की तलाश जारी
राजस्थान

कोटा में मूर्ति विसर्जन के दौरान नाव पलटी, 2 शव बरामद, अन्य दो लोगों की तलाश जारी

जयपुर। राजस्थान के कोटा में दुर्गा माता की मूर्ति विसर्जन के दौरान सात लोगों को ले जा रही एक नाव पलट गई। इस हादसे में अब तक दो युवकों के शव बरामद किए गए।

बचाव दल ने आज बुधवार सुबह फिर से तलाशी अभियान शुरू किया। एएसपी कोटा शहर सुभाष चंद्र मिश्रा और एसडीआरएफ अधिकारी एकता महिपाल ने पुष्टि की कि सुबह 5.30 बजे फिर से शुरू हुए तलाशी अभियान के दौरान कोटा निवासी सूरज सिंह (22) और विकास वर्मा (22) के शव बरामद किए गए।

दो लोगों की तलाश जारी

एएसपी कोटा ने बताया कि शेष दो लापता युवक राहुल जोशी (18) और आशु जोशी (19) की तलाश जारी है, जो चचेरे भाई हैं और कोटा शहर के संजय नगर के निवासी हैं।

यह हादसा बोरेखेड़ा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्टील ब्रिज के पास मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे हुआ, जब दुर्गा प्रतिमा विसर्जन समारोह के दौरान नाव पलट गई।

नाव पर सवार सात लोगों में से तीन को सुरक्षित बचा लिया गया। इन तीन लोगों में दीपक नाम का शख्स, मानकंवर की रहने वाली एक महिला और नाविक सुरेश, ये तीनों लोग तैरना जानते थे, इसलिए सुरक्षित रूप से नदी से बाहर निकलने में कामयाब रहे।

Search