Home » आईटीआई छात्र की आत्महत्या से मचा हड़कंप, पिता ने रूम पार्टनर पर लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप
कोरबा

आईटीआई छात्र की आत्महत्या से मचा हड़कंप, पिता ने रूम पार्टनर पर लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के सलिहाभांठा गांव में 19 वर्षीय छात्र इंद्रजीत महतो ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह करतला में आईटीआई के इलेक्ट्रिशियन ट्रेड की पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।

मृतक के पिता दिलीप कुमार महतो ने बेटे के साथ रहने वाले युवक राजेश्वर पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।

दिलीप कुमार महतो ने बताया कि उनका बेटा इंद्रजीत स्वभाव से सीधा-साधा था। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है। इंद्रजीत ने करतला में आईटीआई के इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में दाखिला लिया था। शुरुआत में वह घर से ही कॉलेज आना-जाना करता था, लेकिन बस की सुविधा नहीं मिलने के कारण उसे गांव के ही राजेश्वर नाम के युवक के साथ रहने के लिए भेज दिया गया था।

पिता के अनुसार, इंद्रजीत फोन पर उन्हें बताता था कि राजेश्वर उसे मानसिक रूप से परेशान करता है और गाली-गलौज करता है। उन्होंने बताया कि इंद्रजीत स्वभाव से भोला-भाला था और इस तरह की परिस्थितियों को सहन नहीं कर पाता था। पिता का दावा है कि वह इन घटनाओं के कारण मानसिक तनाव में रहने लगा था। पिता ने बेटे की मौत के लिए कथित मानसिक प्रताड़ना को जिम्मेदार ठहराया है।

घटना के बाद परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपी युवक के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उरगा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Search