अयोध्या। गैंगरेप पीड़िता से बयान लेने के दौरान एक दरोगा पर छेड़खानी का बड़ा आरोप लगा है। इस घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने दरोगा की जमकर धुनाई कर दी। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने दरोगा को अस्पताल लेकर गए जहां उसका मेडिकल कराया। मामले में दरोगा केपी यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह पूरा मामला बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के कोछा गांव का है।
जानकारी के अनुसार दरोगा केपी यादव अयोध्या इनायतनगर थाने में पदस्थ है। दरोगा सादी वर्दी में गैंगरेप मामले में पीड़िता से बयान लेने पहुंच गए थे। इस दौरान उसके साथ कोई महिला सिपाही भी साथ में नहीं थीं। पीड़िता से अकेले में बयान लेने के दौरान दरोगा ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। इस पर पीड़िता ने शोर मचाना शुरू कर दिया। हो-हल्ला सुनकर ग्रामीण जमा हो गए और दरोगा की खूब धुनाई कर दिए। मामले की जानकारी पुलिस को हुई तो स्थानीय बीकापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दरोगा को लेकर अस्पताल गए। मामले में दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एसपी अतुल सोनकर के अनुसार 9 अप्रैल को पीड़िता द्वारा इनायतनगर में तैनात एक उपनिरीक्षक द्वारा छेड़खानी करने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।







