कोरबा। एक 52 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर इंटरनेट कनेक्टिविटी में बार-बार आ रही रुकावटों से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। महिला को अपने मोबाइल फोन पर रील्स देखने की लत थी। पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान मंगलो बाई सारथी के तौर पर हुई है। उसने शनिवार को करतला पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले केराकाछार गांव स्थित अपने घर पर कथित तौर पर कीटनाशक पी लिया और सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार वालों के मुताबिक, सारथी को रील्स देखने की लत थी।

इंटरनेट कनेक्टिविटी में बार-बार आ रही रुकावट से परेशान महिला ने तोड़ा मोबाइल, फिर कीटनाशक पीकर दी जान
अधिकारी ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय बेटी ने उसकी बिगड़ती हालत देखी और परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद उसे करतला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। शुरुआती इलाज के बाद, उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे कोरबा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव परिवार को सौंप दिया गया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।






