आरा। रविवार की अहले सुबह दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आरा जंक्शन पर बड़ा रेल हादसा हो गया। न्यू जलपाईगुड़ी-कटिहार के रास्ते आरा जंक्शन होकर नई दिल्ली जाने वाली महानंदा एक्सप्रेस की दो बोगियां पटरी से उतर गईं। घटना सुबह करीब 4:10 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पटरी से उतरने वाली दोनों बोगियां इंजन से सटे जनरल कोच की बताई जा रही हैं।
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन में अफरातफरी मच गई। रेलवे के अधिकारी और तकनीकी कर्मी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच स्थिति का जायजा लेने में जुट गए हैं। हादसे के बाद दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया है। यह हादसा आरा रेलवे स्टेशन के पश्चिमी गुमटी के पास अप लाइन में हुआ है। घटनास्थल 593 किलोमीटर 9 ए बताया जा रहा है। दानापुर कंट्रोल से तकनीकी टीम आरा के लिए रवाना हो गई है।







