कोरबा। मौसम विभाग की ओर से जारी बारिश के अलर्ट ने एक बार फिर जिलेवासियों की चिंता बढ़ा दी है। अगले 24 घंटे के दौरान कोरबा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने भी लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। निचले इलाकों, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने कहा गया है।
लगातार हो रही बारिश के कारण जिले में इस मानसून सीजन में अब तक अच्छी बारिश दर्ज की जा चुकी है। 1 जून से अब तक जिले में कुल 995.3 मिलीमीटर औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई है। तहसीलवार आंकड़ों पर नजर डालें तो कोरबा में सबसे अधिक 1337.9 मिमी बारिश दर्ज हुई है। इसके अलावा भैंसमा में 1106.2, करतला में 1097.6, दीपका में 1075.4, दर्री में 1081.9, पाली में 972.3, कटघोरा में 971.2, पोड़ीउपरोड़ा में 971.0, अजगरबहार में 879.1, बरपाली में 876.8, पसान में 830.6 तथा हरदीबाजार में 743.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। बारिश के लगातार बने रहने से जिले के जलाशयों और नदी-नालों में भी पानी का स्तर बढ़ा है।
सावन और भादो माह के दौरान हुई तेज बारिश के चलते हसदेव-बांगो बांध परियोजना तथा दर्री स्थित बैराज के कई गेट खोलकर अतिरिक्त पानी की निकासी करने की नौबत दो-दो बार आ चुकी है। जलस्तर बढऩे के कारण संबंधित क्षेत्रों में प्रशासन और जल संसाधन विभाग को लगातार निगरानी करनी पड़ी। अब एक बार फिर भारी बारिश के अलर्ट के बाद जलाशयों के साथ ही नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों की ओर न जाएं तथा मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतें। लगातार बारिश की स्थिति में ग्रामीण और निचले इलाकों में आवागमन प्रभावित होने की भी आशंका बनी हुई है।







