धमतरी। मुंबई से बस्तर जा रहे महिला बाइक राइडर्स के ग्रुप के सफर के दौरान धमतरी जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मरकाटोला के पास एक महिला राइडर की बाइक ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय रिद्धि ठक्कर की इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के मुंबई से 23 महिला बाइक राइडर्स का समूह बस्तर की ओर रवाना हुआ था। इसी दौरान धमतरी जिले के मरकाटोला के पास रिद्धि की बाइक एक ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद रिद्धि को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मृतका के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
मुंबई से बस्तर तक का सफर मातम में बदला
23 महिला राइडर्स का यह सफर हादसे के बाद मातम में बदल गया। साथी राइडर्स के बीच भी घटना को लेकर शोक का माहौल है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।







