Home » भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्य के दौरान एक हादसा, श्रमिक के सिर पर गिरी स्टील प्लेट
छत्तीसगढ़

भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्य के दौरान एक हादसा, श्रमिक के सिर पर गिरी स्टील प्लेट

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में कार्य के दौरान एक हादसा सामने आया है। अयस्क प्रबंधन संयंत्र के ओएचपी जंक्शन पर काम कर रहे एक संविदा श्रमिक के सिर पर स्टील प्लेट गिरने से वह घायल हो गया। हादसे के बाद घायल श्रमिक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल श्रमिक की पहचान सागर कुमार सिंह, उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई है। वह मेसर्स मनहरन नायर के अंतर्गत संविदा श्रमिक के रूप में कार्यरत हैं। घटना उस समय हुई जब वह जी-शिफ्ट में अयस्क प्रबंधन संयंत्र के ओएचपी जंक्शन पर अपने कार्य में लगे हुए थे।

बताया जा रहा है कि काम के दौरान अचानक एक स्टील प्लेट उनके सिर पर आ गिरी। स्टील प्लेट के गिरने से उनके सिर पर गंभीर चोट आई और उनका सुरक्षा हेलमेट भी टूट गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल सहायता करते हुए उन्हें चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। घायल श्रमिक को दोपहर करीब 3.20 बजे भिलाई इस्पात संयंत्र के मुख्य चिकित्सा केंद्र (एमएमपी) लाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद बेहतर उपचार के लिए उन्हें जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (जेएलएन अस्पताल – रिसर्च सेंटर) रेफर किया गया। फिलहाल सागर कुमार सिंह का उपचार जेएलएन अस्पताल में चल रहा है।

Search