सूरजपुर का मामला
सूरजपुर। जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद और शराब के नशे ने एक तीन माह के मासूम की जिंदगी छीन ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पति और पत्नी शराब के नशे में थे और किसी बात को लेकर आपस में झगड़ रहे थे। विवाद के दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे अपने पास लेटे तीन माह के दुधमुंहे बच्चे पर गिर पड़े। दोनों के बच्चे पर गिरने से मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना में बच्चे की मौत हो गई।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हुई है। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि शराब के नशे में होने वाले घरेलू विवाद किस तरह निर्दाेष लोगों, खासकर बच्चों की जिंदगी पर भारी पड़ सकते हैं। तीन माह के मासूम की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।







