45 लाख से ज्यादा की संपत्ति बरामद
बिलासपुर। शहर में सूने मकानों को निशाना बनाकर लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को सिविल लाइन पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से सोना चांदी समेत कुल 45 लाख 85 हजार 500 रूपये की संपत्ति बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सूरज काछी 30 वर्ष मूलतः गौरेला का रहने वाला है, जो पिछले कुछ महीनों से बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र मेें किराए के मकान में रह रहा था। आरोपी एसी और इलेक्ट्रानिक सामान सुधारने के बहाने कॉलोनियों में घुमता और सूने मकानों की बारीकी से रेकी करता था। इसके बाद रात के समय ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने करीब एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और साइबर सेल की मदद से संदिग्ध की पहचान की। 27 अप्रैल 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दर्ज कई चोरी की घटनाओं को कबूल किया। आरोपी चोरी के जेवरों को ज्वेलर्स के पास बेच देता था या गोल्ड लोन कंपनियों में गिरवी रख देता था। चोरी से मिले पैसों को वह ऑनलाइन सट्टे में हार जाता था। जिसके कारण कर्ज बढ़ता गया और उसने लगातार चोरी करना शुरू कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से 252 ग्राम सोना, करीब एक किलो चांदी, एक स्कूटी, एक बाइक तथा अन्य घरेलू सामान बरामद किया है। आरोपी वारदात के दौरान पहचान छिपााने के लिए कपड़े बदलता और अलग-अलग वाहनों का उपयोग करता था। इस पूरी कार्रवाई में सिविल लाइन थाना और सीसीयू टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई पर टीम की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।







