कई गाड़ियों के दबने की खबर
कोरबा। जिला न्यायालय परिसर में बुधवार की दोपहर एक बड़ा हादसा सामने आया है। तेज हवा के झोकोें से पीपल पेड़ की भारी भरकम डगाल नीचे आ गिरी। इसके साथ ही परिसर में अफरा तफरी मच गई। भवन के अंदर बैठे वकीलों का समूह भी तेज आवाज सुनकर बाहर निकल आया। बताया जा रहा है कि भारी भरकम पीपल पेड़ की डगाल परिसर में खड़ी गाड़ियों के उपर आ गिरी। कई वाहन क्षतिग्रस्त होने की बात कही जा रही है।
जिले में पिछले दो घंटों से लगातार तेज हवा चल रही है। इसका असर आम जनजीवन पर भी पड़ रहा है। तेज धूप के साथ हवा चलने से लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधिवक्ताओं ने बताया कि न्यायालय परिसर में पेड़ की डगाल जड़ के पास से कमजोर हो चुकी थी। संबंधित अधिकारियों को अवगत भी कराया गया था, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। गनीमत रही कि पेड़ गिरने से कोई जनहानि नहीं हुई। एक बड़ा हादसा टल गया है।







