जांजगीर-चांपा। एसपी कार्यालय जांजगीर में गुरुवार को एक युवक ने जहर खा लिया। अपनी फरियाद लेकर पहुंचे युवक ने किटनाशक दवा खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने उसे जिला चिकत्सालय में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार जारी है। युवक की स्थिति खतरे के बाहर बताई जा रही है।
दरअसल ग्राम मड़वा में रहने वाले युवक टीआर साहू ने कुछ दिनों पहले एसपी आफिस में एक लिखित शिकायत पत्र सौंपा था। युवक ने एक व्यक्ति द्वारा उसकी भाभी के एलआईसी बीमा की राशि निकालने साजिश करने का आरोप लगाया था। नामजद शिकायत करते हुए उसने मामले में कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद वह कई बार एसपी कार्यालय आ चुका था। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से युवक काफी नाराज था। गुरुवार 23 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे वह एसपी कार्यालय पहुंचा। वह अपने साथ कीटनाशक दवा लेकर पहुंचा था। कुछ देर बाद युवक ने कीटनाशक दवा खा ली। वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद अफरा तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। पुलिस ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में युवक का उपचार जारी है। उसकी स्थिति खतरे के बाहर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि शिकायत की जांच और कार्रवाई नहीं होने से क्षुब्ध होकर युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया। इधर इस घटना से पुलिस महकमे में हड़क़ंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि युवक कि स्थिति सामान्य है, और उसके द्वारा की गई शिकायत की जांच की जा रही है।
चल रही जांच
युवक ने कुछ दिन पहले शिकायत का आवेदन दिया था। शिकायत की जांच चल रही है। युवक ने आज जहर खाने का प्रयास किया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति अब सामान्य है।
-उमेश कश्यप, एडिशनल एसपी, जांजगीर चाम्पा







