Home » छत्तीसगढ़ में अब ‘जनता की सरकार, जनता के द्वार : 24 घंटे चालू रहेगा सीएम हेल्पलाइन नंबर
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में अब ‘जनता की सरकार, जनता के द्वार : 24 घंटे चालू रहेगा सीएम हेल्पलाइन नंबर

लापरवाही पर नपेंगे अफसर

रायपुर । छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार प्रदेश के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए एक बड़ी पहल करने जा रही है। राज्य में जल्द ही 24×7 सीएम हेल्पलाइन नंबर की शुरुआत होने वाली है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से अब प्रदेश का कोई भी नागरिक दिन हो या रात, अपनी शिकायत दर्ज करा सकेगा।

शिकायतों पर होगी ‘कड़ी निगरानी’

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया है कि इस हेल्पलाइन का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि उसका समय सीमा के भीतर समाधान करना है। नई व्यवस्था की मुख्य विशेषताएं इस प्रकार हैंः

24 घंटे तैनातीः हेल्पलाइन सेंटर पर कर्मचारियों की तैनाती तीन शिफ्टों में रहेगी, ताकि किसी भी समय कॉल रिसीव किया जा सके।
जवाबदेही तयः हर विभाग के लिए षिकायत निवारण की डेडलाइन तय होगी।

होगी सख्त कार्रवाईः यदि तय समय के भीतर अधिकारी ने समस्या का समाधान नहीं किया, तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारी के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

पारदर्शिता : नागरिकों को अब सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी। फोन पर ही शिकायत की स्थिति और समाधान की जानकारी मिल जाएगी।

प्रशासनिक व्यवस्था में आएगा सुधार

इस नई पहल से शासन  स्तर पर मानिटरिंग बेहद आसान हो जाएगी। मुख्यमंत्री स्वयं समय-समय पर इसकी समीक्षा करेंगे, जिससे प्रशासनिक तंत्र में पारदर्शिता आएगी और भ्रश्टाचार पर लगाम लगेगी। जल्द ही इसके लिए एक टोल-फ्री नंबर भी सार्वजनिक किया जाएगा।

Search

Archives