Home » पाकिस्तान ने एयरस्पेस प्रतिबंध 24 मई तक बढ़ाया, भारतीय एयरलाइनों को अरबों का नुकसान
दुनिया

पाकिस्तान ने एयरस्पेस प्रतिबंध 24 मई तक बढ़ाया, भारतीय एयरलाइनों को अरबों का नुकसान

इस्लामाबाद। जम्मू में पहलगाम आतंकी हमले का एक साल पूरा होने से ऐन एक दिन पहले पाकिस्तान ने मंगलवार को भारतीय विमानों के लिए अपने एयरस्पेस के उपयोग पर प्रतिबंध को एक महीने के लिए और बढ़ा दिया है। पाकिस्तान ने 24 अप्रैल, 2025 से भारतीय उड़ानों के लिए अपने एयरस्पेस को बंद कर रखा है, जिससे भारतीय एयरलाइनों को अरबों रुपये का नुकसान हुआ है।

पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने एयरमेन को जारी नोटिस नोटम में कहा है कि सभी भारतीय पंजीकृत, पट्टे पर लिए गए, वाणिज्यिक और सैन्य विमान 24 मई, 2026 को सुबह 5 बजे तक पाकिस्तानी एयरस्पेस में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। यह नोटिस उस समय जारी किया गया जब पिछले नोटिस की अवधि 24 अप्रैल को समाप्त होने वाली थी। पाकिस्तान ने भारतीय एयरलाइनों के लिए अपने एयरस्पेस को उस समय बंद किया जब पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद तनाव बढ़ गया था, जिसके लिए नई दिल्ली ने इस्लामाबाद को जिम्मेदार ठहराया था।

हालांकि, पाकिस्तान ने इन आरोपों को खारिज कर दिया और एक पारदर्शी जांच की मांग की। भारत ने जवाब में पाकिस्तानी एयरलाइनों के लिए भी अपने एयरस्पेस को बंद कर दिया। पाकिस्तान ने भारत पर इस तरह की पाबंदियां पहली बार लगाई हैं। लगातार आर्थिक दबाव और कर्ज के बोझ से जूझ रहे पाकिस्तान को एक बार फिर बाहरी सहारे की जरूरत पड़ी है। सऊदी अरब ने एक अरब डालर की दूसरी और अंतिम किस्त जारी कर दी है, जिसके साथ तीन अरब डॉलर के राहत पैकेज की प्रक्रिया पूरी हो गई है। पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक स्टेट बैंक आफ पाकिस्तान ने इंटरनेट मीडिया के जरिए पुष्टि करते हुए बताया कि 20 अप्रैल 2026 को यह राशि सऊदी अरब के वित्त मंत्रालय से मिली।

इससे पहले पिछले सप्ताह दो अरब डॉलर की पहली किस्त जारी की गई थी। यह मदद ऐसे समय आई है जब पाकिस्तान को अपने विदेशी मुद्रा भंडार को संभालने के लिए लगातार जद्दोजहद करनी पड़ रही है। हालात ऐसे बन चुके हैं कि उसे अपने आर्थिक संतुलन के लिए बार-बार बाहरी कर्ज और जमा पर निर्भर रहना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का हालिया सऊदी दौरा भी इसी आर्थिक सहारे को मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

Search

Archives