Home » आतंकी गतिविधियों में शामिल मोसैब सहित चार संदिग्ध गिरफ्तार, राम मंदिर, संसद भवन और सैन्य ठिकाने थे निशाने पर
देश

आतंकी गतिविधियों में शामिल मोसैब सहित चार संदिग्ध गिरफ्तार, राम मंदिर, संसद भवन और सैन्य ठिकाने थे निशाने पर

आजमगढ़। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने महाराष्ट्र से आतंकी गतिविधियों में शामिल 32 वर्षीय  मोसैब अहमद उर्फ सोनू (Mosaib Ahmad) सहित चार युवकों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए की गई है, जिसमें देश में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर धमाका करने की साजिश रची जा रही थी। इस गिरफ्तारी से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

गिरफ्तार लोगों में मो. हमाद (19), शेख इमरान (22), मो. सोहिल (23) और मोसैब अहमद (32) शामिल हैं। चारों आरोपी साधारण परिवारों से आते हैं और ज्यादातर 10वीं तक पढ़े हुए हैं। जांच में सामने आया है कि मोसैब राजधानी के अति संवेदनशील क्षेत्रों की रेकी कर रहा था और इंटरनेट मीडिया के जरिए कट्टरपंथ का नेटवर्क भी फैला रहा था।

दिल्ली पुलिस ने मोसैब के पास से इंटरनेट मीडिया पर विभिन्न ग्रुपों के जरिए डिजिटल स्लीपर सेल जोड़ने, विभिन्न ग्रुप पर खिलौने वाली कार में बम, बाल बेयरिंग, रिमोट, कीलें आदि के जरिए कैसे बम तैयार हो इसको लेकर चैट करने के साक्ष्य मिले है।

गिरफ्तार मोसैब जिहाद, गजवा-ए-हिंद से प्रभावित था। यह समूह अयोध्या के राम मंदिर, नया संसद भवन और प्रमुख सैन्य प्रतिष्ठानों पर फिदायीन हमले या धमाकों की योजना बना रहा था।

मूलरूप से महराजगंज थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर आईमा निवासी मोसैब के पिता इफ्तेकार शेख करीब 12 वर्ष पहले सब कुछ बेचकर बिलरियागंज थाना क्षेत्र के नसीरपुर दक्षिण मोहल्ले में किराए के मकान में परिवार के साथ रहने लगे थे। मोसैब 10 वीं पास है और करीब 15 वर्ष पहले रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र चला गया था, जहां वह रिश्तेदारों के साथ रहकर काम करता था।

बेटे के गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर उसकी मां जैतुनिशा 16 अप्रैल को दिल्ली जाकर जेल व न्यायालय में उससे मुलाकात कर शुक्रवार को वापस आजमगढ़ स्थित नसीरपुर अपने घर पर पहुंची। बताया कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि उनके बेटे को किन कारणों से गिरफ्तार किया गया है। मां ने बताया कि मोसैब करीब दो वर्ष पहले घर आया था।

विदेश में रहते हैं मोसैब के पिता और भाई :  मोसैब के पिता और भाई विदेश में रहते हैं। उसके 55 वर्षीय पिता इफ्तेखार शेख पिछले दो वर्षों से सऊदी अरब में हैं, जबकि छोटा भाई औजेफ अहमद कुवैत में रहता है। परिवार में चार भाई और तीन बहनों में मोसैब सबसे बड़ा है। अन्य भाई मांज अहमद और रेयान तथा बहन जोया अपनी मां के साथ नसीरपुर स्थित किराए के मकान रहते हैं।

दो बहनें अरीबा और नबिला की शादी हो चुकी है। मोसैब की शादी वर्ष 2019 में मऊ जनपद के कदियापुर घोसी निवासी फहरत बानो से हुई थी। उसकी दो बेटियां हैं चार वर्षीय जीरा और दो वर्षीय फातिमा। वर्तमान में उसकी पत्नी फहरत बानो अपने मायके में रह रही हैं।

Search