Home » स्कूल से भागकर आगरा जा रही थी तीन छात्राएं… ऑटो चालक की सूझबूझ से बड़ी घटना टली
छत्तीसगढ़

स्कूल से भागकर आगरा जा रही थी तीन छात्राएं… ऑटो चालक की सूझबूझ से बड़ी घटना टली

बिलासपुर। स्कूल ड्रेस में ही घर से भागकर आगरा जाने के लिए निकली तीन नाबालिग छात्राओं को सिविल लाइन पुलिस ने समय रहते सुरक्षित बरामद कर लिया। ऑटो चालक की सूझबूझ और सतर्कता के चलते मामला पुलिस तक पहुंचा और बड़ी अनहोनी टल गई। तीनों छात्राओं को थाने लाकर परिजनों को बुलाया गया और समझाईश देकर उन्हें सौंप दिया गया।

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के उसलापुर क्षेत्र का है। गुरूनानक चौक से तीन नाबालिग छात्राएं स्कूल ड्रेस में ऑटो में बैठी और चालक से रेलवे स्टेशन चलने को कहा। रास्ते में उन्होंने ऑटो में ही बुका पहन लिया और चालक से स्टेशन पर रूकने की बात कही। इस दौरान ऑटो चालक को आगरा का तीन टिकट लेने को भेजने की बात कही। बातचीत के दौरान चालक को पता चला कि छात्राओं के पास करीब 20 हजार रूपए नगद और मोबाईल वॉलेट में 50 हजार से अधिक राशि मौजूद है। छात्राओं की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर ऑटो चालक ने डॉयल 112 को सूचना दी। पुलिस ने चालक से छात्राओं को रोककर रखने को कहा। चालक ने सूझबूझ से काम लिया और आगरा का टिकट नहीं मिलने की बात कही। उन्हें उसलापुर स्टेशन चलने को कहा। रास्ते में पुलिस को जानकारी देता रहा। सूचना पर सिविल लाइन पुलिस ने ऑटो का पीछा किया। उसलापुर स्टेशन से पहले रोक लिया। पुलिस ने तीनों छात्राओं को थाने लाकर पूछताछ की और बाद में परिजनों को बुलाया।

समझाईश के बाद छात्राओं को परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि एक छात्रा के माता पिता के बीच पारिवारिक विवाद और मां की दूसरी शादी के बाद घर का माहौल ठीक नहीं था। परेशान होकर छात्रा ने पिता से मिलने आगरा जाने का फैसला किया और दो सहेलियों को साथ ले लिया। यह घटना परिवारों के लिए एक गंभीर चेतावनी है। यदि घर का माहौल तनावपूर्ण हो तो बच्चों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे में वे जोखिमभरा कदम उठा सकते हैं।

Search

Archives