Home » मेडिकल कॉलेज से 108 एम्बुलेंस चोरी का प्रयास, स्टीयरिंग संभालते ही पकड़ा गया आरोपी
कोरबा

मेडिकल कॉलेज से 108 एम्बुलेंस चोरी का प्रयास, स्टीयरिंग संभालते ही पकड़ा गया आरोपी

कोरबा । शराब के नशे में धुत एक शख्स ने मेडिकल कॉलेज से 108 एम्बुलेंस चुराने का प्रयास किया। वह अपने दोस्त के पास शराब पार्टी के लिए मड़वारानी जाना चाहता था। यह घटना गुरुवार की सुबह सामने आई।

आरोपी बाबूलाल मिंजवार (42 वर्ष) मड़वारानी का निवासी है। वह जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचा था और नशे में चूर था। उसे अपने दोस्त के साथ जाम छलकाने मड़वारानी जाना था, पर उसके पास कोई साधन नहीं था।  उसकी नजर कैंपस में खड़ी 108 एम्बुलेंस पर पड़ी। एम्बुलेंस कर्मचारियों की लापरवाही से गाड़ी में चाबी लगी हुई थी।

बाबूलाल ने तुरंत स्टीयरिंग संभाली और गाड़ी स्टार्ट कर दी। उसे गाड़ी चलाना पूरी तरह नहीं आता था, फिर भी उसने एम्बुलेंस दौड़ानी शुरू की। गनीमत रही कि गाड़ी कैंपस के भीतर ही अचानक बंद हो गई। गार्डों ने अजीब तरह से चलती गाड़ी देखकर उसे घेरा और पकड़ लिया। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया।

पूछताछ में बाबूलाल ने मासूम अंदाज में बताया कि उसे दोस्त के पास शराब पीने जाना था। उसके पास कोई साधन नहीं था, इसलिए उसने यह हरकत की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। एम्बुलेंस कर्मचारियों को भी कड़ी हिदायत दी गई है। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही है।

Search

Archives