Home » टी20 वर्ल्ड कप 2026 : फिर हो सकती है टीम इंडिया की पाकिस्तान से भिड़ंत, समझें पूरा समीकरण
खेल

टी20 वर्ल्ड कप 2026 : फिर हो सकती है टीम इंडिया की पाकिस्तान से भिड़ंत, समझें पूरा समीकरण

IND vs PAK: भारतीय टीम ने पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप मुकाबले में मात देने के साथ सुपर-8 में अपनी जगह को पक्का कर लिया है। वहीं अभी दोनों टीमों के बीच टूर्नामेंट में एक बार फिर से भिड़ंत देखने को मिल सकती है।

भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने विजयी अभियान को जारी रखते हुए 15 फरवरी को ग्रुप-ए में पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले को 61 रनों से अपने नाम किया। डिफेंडिंग चैंपियन ने इस जीत के साथ सुपर-8 के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है, जहां पर अब उन्हें और भी बेहतर प्रदर्शन दिखाना होगा। अभी टीम इंडिया को ग्रुप स्टेज में एक मुकाबला और खेलना है, जो 18 फरवरी को नीदरलैंड्स की टीम के खिलाफ होगा। इसके बाद भारतीय टीम सुपर-8 में अपना पहला मैच 22 फरवरी के दिन खेलने उतरेगी। वहीं अभी टीम इंडिया की पाकिस्तान से इस टी20 वर्ल्ड कप में एकबार फिर से भिड़ंत देखने को मिल सकती है।

सुपर-8 में नहीं होगा भारत और पाकिस्तान का आमना-सामना

आईसीसी की तरफ से जब टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शेड्यूल का ऐलान किया गया था, तो उसमें सभी 20 टीमों को अलग-अलग चार ग्रुपों A, B, C, D में बांटा गया था। इसके बाद हर ग्रुप में टॉप-2 में रहने वाली टीमों को सुपर-8 में जगह में मिलेगी जिनको चार-चार के ग्रुप X और Y में बांटा गया है, जिसमें ये पहले से तय कर दिया गया है कि किसे किस ग्रुप में जगह मिलेगी। भारतीय टीम जहां X ग्रुप का हिस्सा बनेगी तो वहीं पाकिस्तान को सुपर-8 में Y ग्रुप में रखा गया है, ऐसे में दोनों ही टीमों का आमना-सामना यहां तो बिल्कुल भी नहीं होगा।

सेमीफाइनल में हो सकती है भिड़ंत

टीम इंडिया के फॉर्म को देखते हुए सुपर-8 में होने वाले मुकाबलों में उन्हें विपक्षी टीमों द्वारा रोक पाना आसान काम नहीं रहने वाला है। ऐसे में भारतीय टीम यदि सुपर-8 में X ग्रुप में टॉप पर रहती है तो उन्हें अपना सेमीफाइनल मैच Y ग्रुप में दूसरे नंबर की टीम से खेलना होगा और अगर पाकिस्तान वहां पर होती है तो उनसे सामना होगा। वहीं यदि टीम इंडिया X ग्रुप में दूसरे नंबर पर खत्म करती है तो उसे Y ग्रुप की पहले नंबर की टीम के साथ सेमीफाइनल मैच खेलना होगा और यदि यहां पाकिस्तान की टीम रही तो उनसे सामना होगा।

पाकिस्तान की टीम अक्सर एक बड़ी हार के बाद वापसी करने के लिए पहचानी जाती है, जिसमें उन्होंने पहले भी ऐसा किया है। लेकिन इस बार टीम को देखते हुए ऐसा काफी मुश्किल दिख रहा है। हालांकि यदि सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत नहीं होती है तो यदि दोनों टीमें फाइनल में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहती हैं, तो खिताबी मैच में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत टी20 वर्ल्ड कप 2026 में देखने को मिल सकती है।

 

Search

Archives