स्मृति मंधाना और ग्रेस हैरिस की शानदार साझेदारी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने यूपी वॉरियर्स को आठ विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही आरसीबी की टीम ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के खिताबी मुकाबले में प्रवेश कर लिया है, जबकि यूपी का सफर लगभग समाप्त हो गया है। हालांकि, यूपी का ग्रुप चरण का एक मैच शेष है। यूपी ने दीप्ति शर्मा के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 143 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 41 गेंदें शेष रहते हुए दो विकेट पर 147 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।
हैरिस-मंधाना की शतकीय साझेदारी
आरसीबी के लिए ग्रेस हैरिस और स्मृति मंधाना ने मजबूत शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी कर की। इन दोनों बल्लेबाजों ने यूपी वॉरियर्स के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। इस दौरान हैरिस ने अपना अर्धशतक भी पूरा किया और वह तेजी से शतक की ओर बढ़ रही थीं। हालांकि, शिखा पांडे ने हैरिस को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। हैरिस 37 गेंदों पर 13 चौकों और दो छक्कों की मदद से 75 रन बनाकर आउट हुईं। हैरिस और मंधाना ने पहले विकेट के लिए 108 रन जोड़े।







