Home » UP वॉरियर्स ने किया कप्तान का ऐलान, ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज मेग लैनिंग को सौंपी टीम की कमान
खेल

UP वॉरियर्स ने किया कप्तान का ऐलान, ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज मेग लैनिंग को सौंपी टीम की कमान

WPL 2026: वूमेन्स प्रीमियर लीग यानी WPL 2026 का 9 जनवरी से आगाज होने जा रहा है। ऐसे में सभी टीमें टूर्नामेंट की तैयारियों में जोर-शोर से जुटी हैं। इस बीच UP वॉरियर्स की ओर से बड़ी खबर सामने आई है। UP वॉरियर्स ने अपने कप्तान का ऐलान कर दिया है। UP वॉरियर्स ने ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज खिलाड़ी मेग लैनिंग को वूमेंस प्रीमियर लीग के 2026 एडिशन के लिए अपना नया कप्तान नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने रविवार, 4 जनवरी को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट के जरिए यह बड़ी जानकारी फैंस के साथ शेयर की।

बता दें, 2026 WPL ऑक्शन में यूपी वॉरियर्स ने मेग लैनिंग को 1.9 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था। लैनिंग को महिला क्रिकेट की सबसे सफल कप्तानों में गिना जाता है। मेग लैनिंग ऑस्ट्रेलिया की उन कप्तानों में शामिल रही हैं, जिन्होंने सात वर्ल्ड कप जीतने वाले अभियानों का हिस्सा रहते हुए दो ICC महिला ODI वर्ल्ड कप और पांच ICC महिला T20 वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम किए हैं। उनकी यही उपलब्धियां उन्हें एक खास और भरोसेमंद कप्तान बनाती हैं। पिछले सीजन दीप्ति शर्मा ने टीम की कप्तानी की थी।

WPL में हजार रन बनाने के करीब लैनिंग : मेग लैनिंग का WPL में प्रदर्शन शानदार रहा है। WPL के अब तक के 27 मुकाबलों में उन्होंने 952 रन बनाए हैं। टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए दबाव में रन बनाना, पावरप्ले में टीम को तेज शुरुआत दिलाना और मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए पारी को संभालना उनकी सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है। यही कारण है कि उन्हें टूर्नामेंट की सबसे भरोसेमंद मैच-विनर खिलाड़ियों में गिना जाता है। कप्तान बनाए जाने पर मेग लैनिंग ने कहा कि जैसे-जैसे WPL अपने चौथे सीजन में प्रवेश कर रही है, लीग का स्तर हर साल और ऊंचा होता जा रहा है। क्रिकेट की क्वालिटी, प्रतिस्पर्धा और नए टैलेंट का उभरना वाकई शानदार है। यह टीम इंटरनेशनल अनुभव और भारतीय खिलाड़ियों का बेहतरीन मिश्रण है। वह इस नई चुनौती को लेकर उत्साहित हैं और हम सब मिलकर ट्रॉफी जीतने की पूरी कोशिश करेंगे।

हेड कोच ने कप्तान की जमकर की तारीफ

टीम के हेड कोच अभिषेक नायर ने भी लैनिंग की तारीफ करते हुए कहा कि उनका शांत स्वभाव और दबाव में स्पष्ट सोच उन्हें एक आदर्श कप्तान बनाती है। नायर ने कहा कि मेग के पास अनुभव, स्पष्टता और संयम का बेहतरीन संयोजन है। खेल की उनकी समझ, मुश्किल हालात को संभालने की क्षमता और खिलाड़ियों से जुड़ाव उन्हें इस टीम के लिए सबसे सही कप्तान बनाता है।

Search