बलरामपुर। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा की बड़ी खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दरअसल कोरबा से बनारस जा रही शिव शक्ति महिंद्रा बस में बलरामपुर जिला के बसंतपुर थाना क्षेत्र की चौकी वाड्रफनगर की पुलिस टीम ने छापामार कार्रवाई की। इस दौरान अवैध गांजा की बड़ी खेप के साथ दो तस्करों को पकड़ा।
पुलिस को 10 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोरबा से दो युवक बैग में गांजा लेकर बनारस की ओर रवाना हुए हैं। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी वाड्रफनगर ने टीम गठित कर नाकाबंदी शुरू कर दी। रात लगभग 12:30 बजे शिव शक्ति महिंद्रा बस वाड्रफनगर चौकी के सामने पहुंची, जिसे रोककर पुलिस ने तलाशी ली।
बस के ऊपरी बर्थ पर बैठे दो युवकों नीतीश चंद पिता प्रकाश चंद 19 वर्ष, निवासी नदीहार, थाना राजगढ़, जिला मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश और दीपक शर्मा पिता जयदेव शर्मा 24 वर्ष, निवासी झापड़ी, थाना सुकृत, जिला सोनभद्र, उत्तर प्रदेश के पास रखे दो बैगों की जांच में प्रत्येक के पास 2.100 किलो ग्राम गांजा बरामद हुआ। कुल 4.200 किलो गांजा जप्त कर अपराध क्रमांक 188/2025 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने गांजा उड़ीसा से लेकर आने की बात कही। वहीं गांजा उत्तर प्रदेश में खपाने का इरादा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 11 अक्टूबर को गिरफ्तार कर रामानुजगंज न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।







