जगदलपुर। नेशनल हाइवे 30 पर सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बीती रात एक तेज रफ्तार कार चालक ने बाइक सवार को अपने चपेट में ले लिया। जिसमें दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई थी। जिसके 12 घंटे के भीतर ही दूसरी बड़ी घटना दहिकोंगा के पास हुई। जहां एक तेज रफ्तार ट्रेलर और हाईवा में भिड़त हो गई।
इस घटना में चालक घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। बता दें कि कोण्डागांव जिले के दहीकोंगा नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार की सुबह 6:30 बजे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने सामने से आ रही हाईवा को टक्कर मार दी। जिससे हाईवा मौके पर ही पलट गई।
घटना के दौरान पीछे चल रही 108 एंबुलेंस भी ट्रेलर की चपेट में आ गई। इस घटना में एंबुलेंस का स्टाफ सुरक्षित रहा, उन्हें किसी भी तरह से कोई चोट नहीं आई। इस घटना में ट्रेलर का चालक हादसे में बुरी तरह फंस गया था। जिसे लोगों और पुलिस की मदद से चालक को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल जिला अस्पताल कोण्डागांव में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।







