कोरबा। कोरबा जिले में स्थित बहुउद्देशीय हसदेव बागो बांध परियोजना का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। जल संसाधन विभाग इसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। बताया गया कि 358.10 जलस्तर होने की स्थिति में यहां के गेट खोले जा सकते हैं। इससे पहले प्रशासन और अन्य संबंधितों को इसकी जानकारी दी जाएगी।
विश्व बैंक और पूर्ववर्ती मध्य प्रदेश सरकार के सहयोग से पिछले दशक में मल्टीपरपज हसदेव बांगो बांध परियोजना का निर्माण पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के अंतर्गत कराया गया। इस परियोजना के माध्यम से कोरबा जिले में जहां विद्युत परियोजनाओं को उसकी जरूरत के लिए भरपूर पानी दिया जा रहा है, वही कोरबा के साथ-साथ जांजगीर-चांपा, सक्ती जिले की सामान्य आवश्यकताओं की पूर्ति की जा रही है। परियोजना के कार्यपालन अभियंता धर्मेंद्र नीखरा ने जानकारी दी कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण यहां का जल स्तर बढ़ रहा है। कोरिया क्षेत्र से बड़ी मात्रा में पानी की पहुंच यहां तक हो रही है। नीखरा ने बताया कि वर्तमान में 358.08 मीटर के स्तर पर पानी की उपस्थिति बनी हुई है। उन्होंने बताया कि बुधवार की स्थिति में प्रति सेकंड एक लाख क्यूसेक पानी यहां पहुंच रहा था, जो 76000 कि उसे घटकर अब 24000 रह गया है। जल संसाधन विभाग स्थिति पर बराबर नजर बनाए हुए हैं और लगातार निगरानी की जा रही है।
विभागीय अधिकारी ने बताया कि जलस्तर में बढ़ोतरी होने और 358.10 मीटर तक इसकी पहुंच होने पर बांध के गेट खोलने की परिस्थिति बनेगी। बताया गया कि हम शाम तक प्रतीक्षा करेंगे और उसके आधार पर निर्णय करेंगे। याद रहे, इससे पहले ही बरसाती सीजन और संभावित परिस्थितियों को देखते हुए नदी के तटवर्ती इलाके के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को सचेत करने के साथ उन्हें अपनी परिसंपत्तियों को हटाने के लिए निर्देशित किया गया था। जल संसाधन विभाग में स्पष्ट किया है कि उद्योगों और लोगों की आवश्यकता की पूर्ति करना हमारी प्राथमिकता है, लेकिन इसी के साथ विशेष स्थिति में उत्पन्न होने वाले संकट को लेकर संबंधित लोगों को अलर्ट करने को लेकर भी हम गंभीरता दिखाते हैं।







