बलौदाबाजार-भाटापारा। बलौदा बाजार जिले के चर्चित धसकुड़ जलप्रपात पर 26 जुलाई को एक बड़ा हादसा हुआ, जिसका वीडियो अब सामने आया है। जिले के निखिल साहू (18 वर्ष) अपने दोस्तों के साथ जलप्रपात पर घूमने पहुंचा था। रील बनाने के चक्कर में उसने अपनी जान को खतरे में डाल दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, निखिल अपने दोस्तों के साथ मस्ती कर रहा था। इसी दौरान उसने एक रोमांचक वीडियो बनाने के लिए झरने की ऊपरी चोटी पर चढ़कर छलांग लगाने का प्रयास किया। ै इसी दौरान हादसा हो गया। 40 फीट की ऊंचाई से नीचे पत्थरों पर गिर गया।। इस हादसे में निखिल को गंभीर चोटें आई हैं। उसके दोनों हाथ और कमर की हड्डियों में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। बताया जा रहा है कि निखिल ऊंचाई से डरता था, लेकिन सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में जोखिम उठा बैठा।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच बहस का विषय बन गया है कि क्या रील और लाइक्स की दौड़ में युवा अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं? पुलिस और प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन यह घटना एक बार फिर जलप्रपात और खतरनाक स्थानों पर बिना सुरक्षा के जाने के प्रति चेतावनी बनकर सामने आई है।







